🎓 इलाहाबाद इंटर कॉलेज में स्काउट-गाइड प्रशिक्षण एवं जांच शिविर संपन्न, छात्रों को मिले प्रमाण पत्र
प्रयागराज | जन मीडिया टीवी
इलाहाबाद इंटर कॉलेज, प्रयागराज में स्काउट एवं गाइड का प्रशिक्षण एवं जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में छात्रों ने प्रथम सोपान और द्वितीय सोपान के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त किया और जांच प्रक्रिया में भाग लिया। समापन समारोह के दौरान सभी सफल स्काउट एवं गाइड छात्रों को उनके स्तर के अनुसार प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सह जिला विद्यालय निरीक्षक श्री अजय गिरी एवं सह जिला विद्यालय निरीक्षक, राष्ट्रपति पदक से सम्मानित श्री जितेंद्र प्रताप सिंह रहे। उन्होंने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्काउट एवं गाइड गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं। अतिथियों ने स्काउट-गाइड द्वारा बनाए गए कैंप का अवलोकन किया और उनके प्रशिक्षण के स्तर पर संतोष व्यक्त किया।
अग्रवाल जातीय शिक्षा परिषद के अध्यक्ष एवं स्काउट व रोवर में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित प्रोफेसर पियूष रंजन अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में उपस्थित होकर छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्काउट एवं रोवर के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व विश्व के कई देशों में किया है, जो छात्रों के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में जिला सचिव डॉ. पी.पी. सिंह, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष स्काउट श्री नवरात्र कत्याल एवं सहायक सचिव सहित अन्य गणमान्य लोगों ने स्काउट एवं गाइड की उपयोगिता और अनिवार्यता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का स्वागत इलाहाबाद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनंत कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। वरिष्ठ पदाधिकारी श्री सुनील अग्रवाल ने भी छात्रों को आशीर्वाद दिया।
प्रशिक्षण सत्र में गाइड ट्रेनर सुश्री उषा कुशवाहा ने विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। स्काउट के प्रशिक्षण में डॉ. मुकेश त्रिपाठी, डॉ. देवीशरण एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं गाइड प्रशिक्षण में डॉ. कौशिकी अग्रहरि, श्रीमती शालिनी कनौजिया एवं अन्य शिक्षिकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन श्री बलराम (प्रवक्ता, भौतिक विज्ञान) ने किया, जबकि आभार व्यक्त श्री राजेंद्र प्रताप सिंह (प्रवक्ता, वाणिज्य) द्वारा किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रूबी अग्रवाल एवं श्रीमती वत्सला जायसवाल ने किया।
👉 यह शिविर छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, जिससे उनमें अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और मजबूत हुई।














Leave a Reply