Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

Curuption free भ्रष्टाचार मुक्त विकास करना भाजपा सरकार का संकल्प : डिप्टी सीएम

Curuption free भ्रष्टाचार मुक्त विकास करना भाजपा सरकार का संकल्प : डिप्टी सीएम

उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त विकास करना भाजपा सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी एवं अपराध का युग समाप्त हो गया है, अब सिर्फ विकास का युग शुरू हुआ है। देश में 2014 से और प्रदेश में 2017 से पहले के हालात में बड़ा अंतर आया है। पहले की सरकारों में गरीबों को एक रुपये में सिर्फ 15 पैसा मिलता था। लेकिन अब पूरे के पूरे एक रुपये मिल रहे हैं। मुद्दाविहीन हो चुके विपक्षी दलों को गरीबों के लिए किए जा रहे सरकार के अच्छे काम रास नहीं आ रहे हैं।डिप्टी सीएम बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जिला अस्पताल में नवनिर्मित ऑक्सीजन प्लांट के वर्चुअल लोकार्पण एवं संवाद कार्यक्रम के मौके पर निर्माणाधीन बस डिपो परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

कहा कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े एवं बेहतर चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराने हेतु अनेक कार्य किए गए हैं। जनपद में आठ लाख लोगों को अभी तक कोविड टीका तथा देश में 93 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। कहा कि केंद्र व राज्य सरकार देश व प्रदेश को विकास के पथ पर निरंतर आगे ले जाने का कार्य कर रही है। किसान सम्मान निधि के तहत लाभार्थियों को धनराशि सीधे उनके खाते में भेजी जा रही है। कोविड-19 के दौरान देश का कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहे, इसके लिए पीएम ने सभी को मुफ्त राशन मुहैया कराया।
सभी हर व्यक्ति के घर तक सौभाग्य योजना के तहत नि:शुल्क बिजली कनेक्शन पहुंचाया गया है। गरीबों को आवास एवं शौचालय सहित अन्य विकास परक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को स्मार्टफोन एवं टैबलेट देने का निर्णय लिया गया है। जनपद में सड़कों एवं पुलों का जाल बिछाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं रोजगार के अवसर उत्पन्न करने के लिए तमाम विकास कार्य प्रारंभ किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंझनपुर में निर्माणाधीन बस डिपो शीघ्र ही शुरू कर दिया जायेगा तथा कादीपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
कहा सत्ता की कुर्सी जनता की सेवा करने के लिए बनी है, न कि सुख भोगने के लिए। जनता हमारे काम याद रखेगी तो आगामी विधान सभा चुनाव में आशीर्वाद देगी। कार्यक्रम को सांसद विनोद सोनकर, जिलाध्यक्ष अनीता त्रिपाठी जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, सदर विधायक लाल बहादुर, चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता, सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पटेल, संजय गुप्ता ने भी सम्बोधित किया।डिप्टी सीएम ने दी गंगा-यमुना पर दी फोरलेन की सौगात
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आयोध्या से चित्रकूट तक जिले से होकर ही फोरलेन बनाया जाएगा। ऐसे में गंगा और यमुना नदी में एक-एक और ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। पुल निर्माण होने से जिले के विकास में और तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि 2017 के विधान सभा और 2019 के लोकसभा चुनाव में जनता ने जो विश्वास भाजपा पर दिखाया है, वह उसे टूटने नहीं देंगे।
कहा सपा की सरकार में कब्जा कर, गुंडागर्दी करो अभियान चलता था। लेकिन हमारी सरकार में अवैध कब्जे खाली कराए जा रहे है। विकास और सुशासन के प्रतीक कमल को 2022 के विधानसभा चुनाव में पुन: जनता पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी, ऐसा हमें जनहित में किए गए कार्य पर भरोसा है। डबल इंजन की हमारी सरकार में तेज गति से विकास हो रहा है।
ऑक्सीजन प्लांट का फीता काटकर डिप्टी सीएम ने किया शुभारंभ
संयुक्त जिला चिकित्सालय में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीनों नव निर्मित ऑक्सीजन प्लांट का फीता काटकर विधि विधान के साथ शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सीएमओ डॉ. केसी राय और सीएमएस डॉ. दीपक सेठ से कहा कि चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। शिकायत मिलने पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।
मांगों को लेकर आशाओं ने डिप्टी सीएम को घेरा
निर्माणाधीन बस डिपो मंझनपुर आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का आशाओं ने घेराव किया। पहले तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान ही मंच के सामने मीडिया गैलरी तक पहुंच गईं। इस दौरान एसडीएम सदर प्रखर उत्तम सहित सीओ ने काफी मेहनत की। लेकिन वह बिना डिप्टी सीएम से मिले पीछे जाने को तैयार नहीं थी। बाद में एसडीएम के आश्वासन पर पांच लोगों का प्रतिनिधि मंडल डिप्टी सीएम से मिलने के लिए रूका, बाकी आशाओं को गैलरी से वापस लौटा दिया गया।
डिप्टी सीएम मंच से उतरकर जैसे ही कार में सवार हुए तो आशा कार्यकर्ता मुख्य गेट पर अड़ गईं। आगे-आगे चल रही डीएम और एसपी की गाड़ी को रोक लिया गया। इससे पूरा का पूरा काफिला बस डिपो के अंदर ही रुक गया। डीएम-एसपी समेत पूरे प्रशासनिक अमले ने आशा कार्यकर्ताओं को हटाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन वह जिद पर अड़ी रहीं।
इसकी जानकारी होने पर सांसद विनोद सोनकर और चायल विधायक संजय गुप्ता पहुंचे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आशा कार्यकर्ताओं से वार्तालाप करते हुए समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया।
इसके बाद डिप्टी सीएम का काफिला बस डिपो से बाहर निकल सका। हालांकि काफिला निकल जाने के बाद भी आशा कार्यकर्ता जनप्रतिनिधियों से कहती रहीं कि ज्ञापन लेकर सिर्फ आश्वासन की घुट्टी ही उन्हें पिलाई जाती है। ऐसे में सांसद विनोद सोनकर करीब 20 मिनट तक आशाओं को समझाते बुझाते रहे।
तब जाकर कार्यकर्ता शांत हुईं। इस दौरान सुधा सिंह, नीलम विश्वकर्मा, रेखा मौर्या, संगीता गुप्ता, मनीषा पाल, राम संवारी, गीता देवी, मोहसिना खातून, सविता देवी, सीमा देवी, कलावती, छाया देवी, कविता यादव सहित दो दर्जन आशाएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *