सपा के उज्जवल रमण सिंह प्रयागराज से लड़ेंगे चुनाव, कांग्रेस की टिकट से होंगे उम्मीदवार
पूर्व मंत्री एवं सपा के वरिष्ठ नेता कुंवर उज्जवल रमण सिंह इलाहाबाद लोकसभा सीट से ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के…
पूर्व मंत्री एवं सपा के वरिष्ठ नेता कुंवर उज्जवल रमण सिंह इलाहाबाद लोकसभा सीट से ‘इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार होंगे। वह कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे, क्योंकि गठबंधन में यह सीट कांग्रेस के कोटे में है। उनके नाम पर दोनों दलों के बीच सहमति बन गई है। गठबंधन में इलाहाबाद सीट अपने कोटे में आने के बाद से ही कांग्रेस को जिताऊ उम्मीदवार की तलाश थी। कुंवर उज्जवल रमण सिंह इलाहाबाद लोकसभा क्षेत्र में आने वाली करछना सीट से दो बार विधायक रहे हैं।
वर्ष 2004 से 2007 और 2017 से 2022 तक विधायक रहे। इसके साथ ही वह प्रदेश के पर्यावरण मंत्री और उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष भी रहे हैं। उनके पिता कुंवर रेवती रमण सिंह दो बार इलाहाबाद लोकसभा सीट से सांसद रहे हैं। वह सपा के ही टिकट पर 2004 और 2009 में लोकसभा के सदस्य चुने गए थे। इलाहाबाद लोकसभा सीट पर लगातार दो बार से भाजपा के कब्जे में है।
वर्ष 2014 में भाजपा के श्यामा चरण गुप्ता और 2019 में डॉ. रीता बहुगुणा जोशी यहां से सांसद चुनीं गई थीं। इससे पहले 1996, 1998 व 1999 में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुरली मनोहर जोशी इलाहाबाद के सांसद चुने गए थे। इस क्षेत्र के दो सांसद देश के प्रधानमंत्री भी रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री व विश्वनाथ प्रताप सिंह इलाहाबाद से सांसद चुने गए थे। वर्ष 1984 में वालीवुड के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन भी इलाहाबाद से सांसद चुने गए थे। पूर्व मुख्यमंत्री हेमवंती नंदन बहुगुणा और प्रख्यात समाजवादी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र भी इलाहाबाद के सांसद रहे हैं।











Leave a Reply