_मौसम की खराबी के कारण नहीं उतर सका जापान के प्रतिनिधिमंडल का विमान, कार्यक्रम स्थगित
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व स्व. शिंजो एबे के प्रयास को आगे बढ़ाने और काशी जापान की मित्रता को नया आयाम देने के लिए जापान के सत्ताधारी दल के राष्ट्रीय नेता कोइची हगीउडा का खराब मौसम की खराबी के कारण सोमवार को काशी में आगमन नहीं हो सका।
उनका विमान दिल्ली से उड़ान भरा लेकिन खराब मौसम के चलते दृश्यता कम थी, इस कारण लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके बाद दिल्ली में भारत सरकार द्वारा कई बार प्रयास किया गया कि विमान बाबतपूर में उतर जाए लेकिन य़ह सम्भव नहीं हो सका। कोइची हगीउडा के साथ भारत में जापान के राजदूत हिरोशि सुजुकी व जापान का 11 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल का भी काशी आगमन होना था।
भाजपा काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि 11 प्रतिनिधियों में से जापान के दो अधिकारी जापान दूतावास के राजनीतिक काउंसलर ओरिता कैनतारो और द्वितीय सचिव कामाता मिदोरि रविवार को ही काशी आ गए थे। इन्हें डॉ. मनोज कुमार शाह ने निर्धारित कार्यक्रम के स्थलों का निरीक्षण भी कराया था। वे लोग कार्यक्रम की तैयारियों से संतुष्ट थे। जिला प्रशासन ने विदेश मंत्रालय के निर्देशानुसार पुलिस एस्कॉर्ट के साथ अति विशिष्ट अतिथि प्रोटोकॉल भी जारी कर दिया था। कोइची हगीउडा सहित सभी का एयरपोर्ट पर जापान के दोनों अधिकारियों के साथ विधायकों एवं भाजपा की स्वागत समिति द्वारा देर शाम तक इंतजार किया जा रहा था।
स्वागत में एयरपोर्ट पर पहुंचे विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा के विदेश संपर्क विभाग के प्रदेश सह संयोजक डॉ. मनोज कुमार शाह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी समेत तमाम पदाधिकारी पुष्पगुच्छ व उत्तरीय के साथ एयरपोर्ट पर देर शाम तक प्रतीक्षा करते रहे। इसी दौरान शाम 4.30 के बाद यह सूचना मिली कि वे लोग आज नहीं आ सकेंगे। जापान दूतावास, भारत सरकार, विधायक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा प्रयास किया गया कि प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को आ जाए। लेकिन कोइची हगीउडा की अत्याधिक व्यस्तता के कारण यह सम्भव नहीं हो सका। शाम को लगभग 6.30 बजे जापान दूतावास से काशी न आ पाने पर खेद प्रकाश आ गया। कोइची हगीउडा जापान के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शिंजो एबे के विश्वस्नीय रहे हैं। वर्तमान में वे जापान के सत्ताधारी दल के नीति व शोध परिषद के चेयरमैन एवं प्रतिनिधि सभा के सदस्य हैं। उनके नेतृत्व में जापान के 11 सदस्यीय प्रतिनिधियों को नमो घाट, श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरीडोर, गंगा आरती इत्यादि का दर्शन व अवलोकन करना था। उन्हें मंगलवार को रूद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में काशी के उद्यमियों, जन प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करना एवं सारनाथ भ्रमण भी करना था।










Leave a Reply