Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

आप बेहतरीन हैं

पढ़ने से पहले…अपनी आँखें धीरे से बंद करें…अपने हृदय पर ध्यान दें…और अपनी ताकत और कमजोरियों के बारे में सोचें…

आप बेहतरीन हैं

एक बार एक आदमी था जो अपनी पढ़ाई के दौरान विश्वविद्यालय स्तर तक भी नहीं पहुँचा था। उसकी माँ ने कम उम्र में ही उसकी शादी करा दी थी। शादी के बाद, उसने एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में काम किया। अनुभव की कमी के कारण, एक सप्ताह से भी कम समय में छात्रों नें उसे परेशान कर दिया।

जब वह आँसुओं के साथ घर लौटा, तो उसकी पत्नी ने उसे सांत्वना दी। उसकी पत्नी ने उसे दिलासा दिया और कहा, “आपको इसके बारे में बहुत दुखी नहीं होना चाहिए। शायद कोई और उपयुक्त नौकरी आपकी प्रतीक्षा कर रही होगी!”

थोड़े समय पश्चात उसे एक और नौकरी मिल गई पर जल्द ही उसकी धीमी गति के कारण उसे वहाँ से भी निकाल दिया गया। इस बार पत्नी ने कहा, “इस बार आपको जहाँ मौका मिला था वहाँ कुशल और गैर कुशल दोनों तरह के लोग थे। कुछ को अपने काम के वर्षो का अनुभव था। जहाँ तक आपकी बात है, आप उस समय स्कूल में थे, इसलिए आपको इन आवश्यक कौशलों का अनुभव कैसे प्राप्त हो सकता था?”

फिर वह कई नौकरियों के लिए गया पर किसी भी नौकरी में कभी भी लंबे समय तक नहीं रह सका। वह हर बार निराश होकर घर लौटता था। उसकी पत्नी हमेशा उसे दिलासा देती थी और वह कभी निराश या नाराज नहीं होती थी।

वह जब अपने उम्र के तीसरे दशक में था तब उसे भाषाओं के ज्ञान में रूचि जागी। वह मूक-बधिर के एक स्कूल में सलाहकार बन गया। फिर धीरे-धीरे उसने विकलांगों के लिए अपना एक स्कूल भी खोला लिया।

कुछ वर्षों बाद उसने विकलांगों के उपकरण बेचने वाले आउटलेट्स की विभिन्न शहरों और प्रांतों में, बिक्री श्रृंखला स्थापित कर ली। अब वह करोड़पति बन गया।

एक दिन उसने अपनी पत्नी से पूछा, “जब मैं हर काम में असफल हो रहा था, तो क्या कारण है कि आपको मुझ पर इतना विश्वास था?”

उनकी पत्नी ने उसे बहुत ही आसान सा जवाब दिया। उसने कहा, “जब जमीन का एक टुकड़ा गेहूँ बोने के लिए उपयुक्त नहीं होता तो हम वहाँ दालें लगाने की कोशिश कर सकते हैं। अगर दालें अच्छी तरह से नहीं बढ़ रही हैं, तो हम वहाँ फल या सब्जियाँ लगाने की कोशिश कर सकते हैं। यदि वह फसल भी किफायती साबित नहीं होती है, तो हम इसके बजाय अनाज के बीज बिखेर सकते हैं।

हो सकता है किसी कारण से ये बीज भी इस भूमि के लिए उपयुक्त नहीं हो सकते हैं। लेकिन निश्चित रूप से इस भूमि में किसी ना किसी प्रकार के बीज तो उपयोगी होंगे ही। वही बीज एक दिन इस धरती पर फूल बनकर खिलेंगे। बस हमें यह पता लगाना होगा कि इस भूमि के लिए कौन से बीज बेहतर हैं?”

पत्नी की बात सुनकर वह रोने लगा क्योंकि पत्नी के विश्वास, प्रेम, धैर्य और दृढ़ता से उसके लिए बेहतरीन काम किया था।

“इस दुनिया में, कोई भी व्यक्ति बेकार नहीं है। हर कोई उपयोगी और बेहतरीन है। लेकिन हर व्यक्ति को अपना वह बेहतरीन और विशिष्ट गुण खोजना होगा जिसमें वह पारंगत है और उसकी तलाश सतत रूप से जारी रहनी चाहिए और एक दिन आपको अपना उपयुक्त रास्ता मिल जाएगा। तब आप एक महान व्यक्ति बनेंगे और उस दिन, वे सभी लोग जिन्होंने आपको दोष दिया और आपका अपमान किया, वे सभी आपकी प्रशंसा करेंगे। उस दिन आप असली नायक होंगे।

हम जो भी काम करते हैं उसमें श्रेष्ठ होने और अपनी सम्भावनाओं को विस्तारित करने के लिए हमें ख़ुद में सुधार लाने का प्रयास करते रहना चाहिए।

“चुनौती चाहे जो भी हो, ख़ुद पर यकीन रखें और आगे बढ़ने का रास्ता खोजें।”
दाजी  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *