Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

तन मन की शुद्धता के साथ आपसी सौहार्द को बढ़ाता है खेल: सुरेश

तन मन की शुद्धता के साथ आपसी सौहार्द को बढ़ाता है खेल: सुरेश
करछना में दो दिवसीय संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ
करछना। खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग है इससे तन मन और स्वास्थ्य की शुद्धता के साथ-साथ आपस में प्रेम और सौहार्द मजबूत होता है। हमारे विद्यालय की खेल प्रतिभाएं अपने को खेल मंच से जोड़कर आगे अपने देश और समाज का नाम रोशन करती हैं। इसके लिए प्रशिक्षकों की भी जिम्मेदारी है बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए आगे आएं।यह बातें सोमवार को स्थानीय मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज में आयोजित करछना की दो दिवसीय संभागीय खेलकूद प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक सुरेश कुमार त्रिपाठी ने कही। उन्होंने दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन मोहन शंखधर ने इस दौरान मंच पर मौजूद मुख्य अतिथि को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे अवसर पर अपने अग्रजों की उपस्थिति से खिलाड़ियों को और विद्यालय परिवार को ऊर्जा मिलती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से प्रेम भावना के साथ खेलने और अपने हुनर का प्रदर्शन करने की अपील करते हुए शुभकामना दी। पहले दिन की खेल प्रतियोगिता के दौरान बालिका 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज की काजल अव्वल रही जबकि सर्वोदय शिक्षा सदन इंटर कॉलेज भीरपुर की आयुषी पांडेय द्वितीय और लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज धरवारा की संजना तिवारी तीसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार 400 मीटर बालक दौड़ में परमेश्वर दीन इंटर कॉलेज बेनीपुर के शिवराज यादव ने बाजी मारी और मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज की विनोद कुमार दूसरे और मोतीलाल नेहरू इंटर कॉलेज के करण सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 800 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में श्रृंगी ऋषि इंटर कॉलेज घटवा के मनोज कुमार प्रथम रहे वहीं मोतीलाल नेहरू इंटर कॉलेज के शिवम आदिवासी को दूसरा और इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज के सुशील कुमार बिंद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। 600 मीटर सब जूनियर बालक की दौड़ में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज के आशीष पाल अव्वल रहे। 100 मीटर बालक दौड़ में बृज मंगल सिंह इंटर कॉलेज के आदर्श सिंह ने बाजी मारी तो वहीं आश्रम पद्धति इंटर कॉलेज के दिनेश को दूसरा और मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज के अनिल पाल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। लंबी कूद बालिका वर्ग में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज की अलका भारतीय ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार पहले दिन के विविध खेलों में बच्चों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों से खूब तालियां बटोरी। उद्घाटन समारोह के अवसर पर प्रधानाचार्य श्याम नारायण पांडेय, मनीष तिवारी,महेन्द्र कुमार तिवारी,संजीव तिवारी,ओम प्रकाश मिश्र,सूर्यकांत त्रिपाठी सुयोग पांडेय समेत कई प्रधानाचार्य मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में बच्चों ने भी पहले दिन की खेलकूद प्रतियोगिता का लुफ्त उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *