अमर शहीदों के बलिदान का कोई मोल नहीं: शालिकराम
करछना। देश की आन मान पर कुर्बान होने वाले अमर शहीदों के बलिदान का युगों युगों तक कोई मोल नहीं किया जा सकता। राष्ट्र की स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए जान लुटाने वाले हमारे अमर शहीदों से आज हम सबको प्रेरणा लेते हुए राष्ट्र के नव निर्माण हेतु आगे बढ़ने की जरूरत है। जिसके लिए संकल्पबद्ध होकर नई ऊर्जा के साथ समाज के हर वर्ग को समर्पित भाव से सजग रहना जरूरी है। यह बातें रामपुर स्थित बृजमंगल सिंह इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित 17 दिवसीय आजादी अमृत महोत्सव के प्रथम दिवस के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद वरिष्ठ समाजसेवी शालिक राम पाठक ने कही। उन्होंने सभागार में मौजूद बच्चों को आजादी के सेनानायकों के कृतित्व और व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए सीख लेने पर जोर दिया। प्रवक्ता प्रदीप कुमार ने आजादी आंदोलन में युवा क्रांतिकारियों की भूमिका पर चर्चा की तो वहीं प्रधानाचार्य मनीष तिवारी ने कहा कि आज 75 साल के अंतराल में,जरूरत है कि हम अपने राष्ट्र निर्माता अमर शहीदों की सोच को सही दिशा में लेकर आगे बढ़ेंऔर विश्वगुरु की राह पर चल रहे राष्ट्र की सर्व संपन्नता के लिए अपने योगदान और कर्तव्य बोध के प्रति सजग हों। उन्होंने शिक्षकों के साथ मुख्य अतिथि को अंगवस्त्रम प्रदान करते हुए सम्मानित भी किया। लोक गायिका मोहिनी श्रीवास्तव ने राष्ट्र वंदना और देश प्रेम गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरी। इस मौके पर भारत माता के जयकारों से गूंजते सभागार में प्रवक्ता जितेंद्र कुमार,सुरेश कुमार,मो.परवेज सिद्दीकी,चंद्रशेखर सिंह,विजय सिंह,विश्वेश ओझा,कमलाशंकर त्रिपाठी, समेत शिक्षक कर्मचारी और बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।













Leave a Reply