UP चुनाव के लिए BJP के नए नारे पर बोले पूर्व IAS, SP नेता ने भी कसा तंज, पोस्टर फट गया, योगी जी का नाम हट गया
उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में अब ज्यादा दिन नहीं रह गए हैं। ऐसे में भाजपा, सपा और कांग्रेस सहित सभी पार्टियां तैयारियों में जुट गई हैं। चुनाव के सिलसिले में ही भाजपा ने अपना नया पोस्टर भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने ‘सोच ईमानदार, काम दमदार’ का नारा दिया। इससे पहले भाजपा की ओर से ‘फिर एक बार योगी सरकार’ का नारा दिया गया था। इस बात को लेकर सपा नेता आईपी सिंह और पूर्व आईएएस अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसा है।सपा नेता आईपी सिंह ने भाजपा के नए नारे पर तंज कसते हुए लिखा, “भाजपा के ‘काम दमदार, योगी सरकार’ के नारे में से योगी शब्द हटा दिया गया है। नया शब्द है भाजपा सरकार। केंद्रीय नेतृत्व समझ गया है कि हर मोर्चे पर फेल योगी जी के चेहरे पर चुनाव नहीं लड़ा जा सकता है।वहीं पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने भाजपा के नए नारे और पोस्टर पर चुटकी लेते हुए लिखा, “पोस्टर फट गया, योगी जी का नाम हट गया। मौर्य की नाराजगी का असर, यूपी पोस्टर/प्रचार से योगी जी का नाम हटाया गया। ‘एक बार फिर योगी सरकार’ के स्थान पर ‘एक बार फिर भाजपा सरकार’ आ गया। इसे कहते हैं हार का डर।”पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने एक ट्वीट में आगे लिखा, “तो अब मुख्यमंत्री पर नहीं रहा ऐतबार? नारे में से हटा दिए गए, जो समझते थे खुद को परवरदिगार। अब आंतरिक लड़ाई है आरपार, खुलकर सामने आ जाती है बार-बार। गहरी होती जा रही है दरार, कलाकारों का जीना हो रहा है दुश्वार। उल्टे पड़ गए सभी प्रचार। अब कैसे बनाओगे सरकार?”भाजपा के नए पोस्टर और नारे को लेकर सोशल मीडिया यूजर भी खूब ट्वीट कर रहे हैं। एक यूजर ने पोस्टर में लगी गृह मंत्री अमित शाह की तस्वीर पर कमेंट करते हुए कहा, “वो सब तो ठीक है, लेकिन क्या शाह ने मोदी को भी किनारे कर दिया? जहां शाह हैं वहां पिछले चुनाव में मोदी जी हुआ करते थे।”जोगिंदर यादव नाम के यूजर ने भाजपा के पोस्टर पर तंज कसते हुए लिखा, “ये है भाजपा सरकार। बेच दे रही है देश का सब कारोबार। अब हमें लगाना है इनकी नैया पार, आने वाले चुनाव में इनको करवा देना है तड़ी पार।” सिद्धांत नाम के यूजर ने लिखा, “भाजपा की असलियत सबको पता चल गई है। अमित शाह कोरोना काल में घर में छुपे थे, चुनाव आया तो वोट लेने के लिए दिखने लगे।”











Leave a Reply