prayag raj प्रयागराज : प्रसपा का सपा से जल्द गठबंधन की उम्मीद,बोले शिवपाल
प्रयागराज। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने चाचा शिवपाल यादव के साथ जल्द ही मंच साझा करते हुए नजर आ सकते हैं। सामाजिक परिवर्तन रथयात्रा लेकर प्रयागराज आए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल ने यह उम्मीद जताई।रथयात्रा के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रेसवार्ता में शिवपाल ने कहा कि सपा के साथ गठबंधन को लेकर वह आशान्वित हैं। भाजपा को हराने के लिए जल्द वह सपा के साथ जाने के लिए तैयार हैं। जल्द ही इसकी घोषणा हो सकती है। उन्होंने भाजपा की नीतियों पर भी हमले बोले। कहा कि भाजपा सरकार में सभी वर्ग के लोग परेशान हैं। शिवपाल यादव बाघंबरी गद्दी भी गए और वहां महंत नरेंद्र गिरि की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।इसके बाद उन्होंने बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने महंत बलवीर गिरि के साथ विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की। इससे पहले रथयात्रा दूसरे दिन भी शहर के अलग-अलग हिस्सों में घूमी। कार्यकर्ताओं ने रथयात्रा का जगह-जगह स्वागत किया। रथयात्रा प्रतापगढ़ के लिए रवाना हो गई। युवजन सभा के रजत सिंह यादव, इमरान, अवनीश श्रीवास्तव, साजिद, मारूफ अहमद आदि ने सोहबतियाग में स्वागत किया। रथयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष सुंदरलाला लोधी, आदित्य याव, शमशाद अहमद, लल्लन राय, मीरानाथ यादव, अजीत यादव, दिनेश यादव आदि शामिल रहे।












Leave a Reply