सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सर्वोदय नगर में समर कैंप का भव्य समापन, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित
प्रयागराज, 19 मई 2026।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, सर्वोदय नगर में आयोजित ग्रीष्मकालीन समर कैंप का मंगलवार को भव्य समापन समारोह के साथ समापन हो गया। कई दिनों तक चले इस रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक शिविर में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कलाओं, गतिविधियों और कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोपाल जी तिवारी, विशिष्ट अतिथि दुर्गेश दूबे (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय सांस्कृतिक परिषद्), विद्यालय के प्रबंधक अनिल बाबू जायसवाल, सतीश कुमार गुप्त (महानगर अध्यक्ष, भारतीय सांस्कृतिक परिषद्) तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
समर कैंप के अंतिम दिन छात्र-छात्राओं ने शिविर के दौरान सीखी गई विभिन्न कलाओं और गतिविधियों का आकर्षक प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के आचार्य आशीष तिवारी ने किया। इसके पश्चात प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी ने सभी अतिथियों का परिचय कराया तथा उन्हें श्रीफल, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, क्राफ्ट एवं अन्य रचनात्मक कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की सृजनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला, जिसे अभिभावकों एवं आगंतुकों ने खूब सराहा।
समर कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र तिवारी ने कहा कि “किताबी ज्ञान के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे रचनात्मक शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। इस समर कैंप का उद्देश्य बच्चों की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें नए कौशलों से परिचित कराना था, जिसमें विद्यालय सफल रहा है। सभी शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों का योगदान सराहनीय है।”
कार्यक्रम के अंत में सतीश कुमार गुप्त ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान तथा छात्र-छात्राओं के बीच मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय का आचार्य परिवार, अभिभावकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समर कैंप का यह समापन समारोह विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार बन गया।
रिपोर्ट: जन मीडिया टीवी, प्रयागराज












Leave a Reply