टोंस नदी के पुल से नीचे गिरे ट्रैक्टर ट्राली को निकाला गया बाहर
चालक का नहीं लग रहा सुराग, खोजबीन में जुटी एनडीआरएफ व गोताखोरों की टीम
कोरांव_प्रयागराज- बुधवार को सुबह कोहड़ार में स्थित टोंस नदी के पुल से एक ट्रैक्टर डिवाइडर को तोड़ते हुए नदी में जा गिरा ट्रैक्टर पर लदी धान की कुछ बोरियां पुल के ऊपर ही गिर गई बाकी ट्रैक्टर ट्राली चालक समेत नदी के गहरे पानी में डूब गए। जानकारी के मुताबिक रूपेंद्र तिवारी पुत्र अमरनाथ तिवारी निवासी पक्कहा का पूरा चांदी थाना कोरांव अपने ट्रैक्टर पर धान लादकर नैनी स्थित किसी राइस मिल पर गिराने जा रहे थे।अभी वे कोहड़ार में स्थित टोंस नदी के पुल पर ही पहुंचे थे कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को तोड़ते हुए नदी के गहरे पानी में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जैसे ही हादसे की सूचना चालक रूपेंद्र तिवारी के परिजनों को हुई तो आनन-फानन में मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पंहुच गई। जिसके बाद एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम चालक रूपेंद्र तिवारी की खोजबीन में जुट गई। क्रेन के माध्यम से पुल से नीचे नदी में गिरे ट्रैक्टर ट्राली को बाहर निकाल लिया गया। समाचार लिखे जाने तक चालक रूपेंद्र तिवारी का कुछ अता पता नहीं चल सका था। देर शाम तक पुलिस व गोताखोरों की टीम नदी पर ही बैठी रही और चालक की खोजबीन करती रही। ट्रैक्टर चालक रूपेंद्र तिवारी अपने मां-बाप के इकलौते संतान हैं। जिससे परिवार में कोहराम मचा रहा। (कोरांव प्रयागराज से राजकुमार की रिपोर्ट)
Leave a Reply