Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

राहुल के सिंधिया वाले बयान पर नरोत्तम मिश्रा का जवाब, मिश्रा का पलटवार, बोले- राजस्थान में प्रयोग करें और पायलट को सीएम बना दें

09 03 2021 scindia rahul 21443755

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर दिए बयान पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अगर वो ऐसा कर सकते हैं तो राजस्थान में एक प्रयोग करें और सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बना दें। जो लोग दो साल में कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बना पाए वो मुख्यमंत्री बनाने की बातें कर रहे हैं।

बता दें कि राहुल गांधी ने सोमवार को कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया अगर कांग्रेस में रहते तो मुख्यमंत्री बन सकते थे, लेकिन भाजपा में वह बैकबेंचर बनकर रह गए हैं।

पार्टी की युवा शाखा को कांग्रेस संगठन की अहमियत के बारे में बताते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘अगर वह (ज्योतिरादित्य सिंधिया) कांग्रेस में रुक गए होते तो वह मुख्यमंत्री बन सकते थे, लेकिन भाजपा में वह बैकबेंचर बन गए हैं। सिंधिया के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत बनाने का विकल्प था।
कांग्रेस में वापस आना होगा

राहुल ने आगे कहा वहां वह कभी मुख्यमंत्री नहीं बनेंगे। उसके लिए उन्हें यहां वापस आना होगा।’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने युवा पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचार से लड़ें और किसी से कतई न डरें। याद दिला दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पिछले साल मार्च में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *