अमर शहीदों के स्वाभिमान का प्रतीक है तिरंगा: डॉ. पाण्डेय
स्वतंत्रता दिवस समारोह में भव्य प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
करछना। हरा सफेद और केसरिया रंग का यह तिरंगा हमारे अमर सपूतों के स्वाभिमान का प्रतीक है। देश की आन मान और शान पर कुर्बान होने वाले अमर सपूतों के त्याग और बलिदान की सोच को संकल्पित भाव से मन में उतार कर सभी बच्चे पूरी ऊर्जा के साथ राष्ट्र के विकास में समर्पित होने वाले एक अच्छे नागरिक के रूप में खुद को तैयार करें। यह बातें आजादी अमृत महोत्सव के अंतर्गत रामपुर स्थित श्री बृज मंगल सिंह इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रबंधक डॉ भगवत पाण्डेय ने कही। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उप प्रबंधक डॉ एस.एन.त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए अमर शहीदों को नमन किया। डॉली मिश्रा और सहेलियों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत के उपरांत एनसीसी कैडेटों ने पुलवामाअटैक आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी को रोमांचित किया। मोहिनी श्रीवास्तव,सत्यवान सत्यार्थी,मोनू मस्ताना के देशप्रेम गीतों ने खूब समां बांधी तो वहींं पं.महेश मिश्र ने शंखध्वनि के साथ,ऐ मेरे वतन के लोगों धुन पर बांसुरी वादन करते हुए सभी को मंत्रमुग्ध किया। आंचल,तनु मिश्रा,खुशी खुशबू और सहेलियों ने देश रंगीला जैसे गीतों पर नृत्य करते हुए खूब तालियां बटोरी। मानसी तिवारी का गीत भी सराहा गया। अंतर्राष्ट्रीय शायर अकबर ताज ने अपनी शायरी में राष्ट्रभाव और देशप्रेम जागृत किया। कार्यक्रमों के बीच विद्यालय की वार्षिक पत्रिका मंगला का लोकार्पण भी किया गया।सभी कार्यक्रमों का संचालन कवि अशोक बेशरम ने किया। इसके पूर्व प्रधानाचार्य मनीष तिवारी ने ध्वजारोहण किया और गाजे बाजे के साथ एनसीसी कैडेटों की अगुवाई में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारियों,अभिभावकों और क्षेत्रीय गणमान्यजनों के अलावा बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।














Leave a Reply