चुनाव आयोग ने दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आज शाम 4.30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है। माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव तारीखों का ऐलान हो सकता है। इसमें पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, पुडुचेरी और केरल शामिल हैं। सिर्फ असम में अभी BJP की सरकार है।
चुनावी राज्यों में सियासी सरगर्मियां काफी पहले से शुरू हो गई हैं। सिर्फ चुनाव की तारीखें आने का इंतजार किया जा रहा था। पांचों राज्यों की मतगणना एक ही दिन होगी। एक मई से पहले विधानसभा गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
असम में तीन चरणों में होगा चुनाव
खबर है कि असम में तीन चरणों में चुनाव होगा। असम की 126 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने वाला है। 2016 में हुए चुनाव में यहां बीजेपी ने सरकार बनाई थी।
बंगाल में छह से आठ चरणों में होगा चुनाव
बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें है, जिन पर चुनाव होना है। वर्तमान में यहां तृणमूल कांग्रेस की सरकार है और ममता बनर्जी मुख्यमंत्री हैं। जानकारी के अनुसार बंगाल में हिंसा की खबरें आने कि वजह से यहां छह से आठ चरणों में चुनाव होना है।
तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक चरण होगा मतदान
बंगाल और असम के अलावा तमिलनाडु में चुनाव होना है। यहां की 232 सीटों पर चुनाव होगा। केरल की 140 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में इन दिनों राष्ट्रपति शासन लगा हुआ है, क्योंकि वहां की कांग्रेस सरकार अपना बहुमत साबित नहीं कर पाई है। पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव होता है, जबकि विधानसभा के तीन सदस्य नामित होते हैं। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक-एक चरण में मतदान होंगे। हालांकि पुख्ता जानकारी तो प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद ही मिलेगी।


Leave a Reply