प्रयागराज में AIMIM नेता फरहान बोले- समाजवादी पार्टी मुस्लिम विरोधी, हमारे वोट बैंक पर डाका डाला
विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद AIMIM के नेता गुस्से में हैं। उन्होंने अपनी हार का ठीकरा समाजवादी पार्टी पर फोड़ा है। प्रयागराज में शहर दक्षिणी से AIMIM के प्रत्याशी रहे मोहम्मद फरहान चुनाव में हार के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा मुस्लिम विरोधी पार्टी है। हमेशा मुस्लिम विरोधी रणनीति पर काम करती है।
उन्होंने कहा, ‘सपा अगर अपने आप को मुसलमानों का हमदर्द समझती है, तो वह आजम खान को नेता प्रतिपक्ष क्यों नहीं घोषित करती है। आखिर इसमें परेशानी क्या है’।
क्षेत्र में समर्थकों के साथ प्रचार के दौरान फरहान। (
क्षेत्र में समर्थकों के साथ प्रचार के दौरान फरहान। (
मुसलमानों की बस्ती में दिखे तो बिना मार खाए लौटेंगे नहीं
उन्होंने कहा कि सपा ने मुसलमानों का टिकट काटकर दूसरे जाति के लोगों को दिया है। सपा के लोग डकैत हैं। अगर ये मुसलमानों की बस्ती में दिख गए तो बिना मार खाए लौटेंगे नहीं। इन्होंने हमारे वोट बैंक पर डाका डाला है। सपा का यह आखिरी चुनाव था और मुसलमान अब उन्हें कभी वोट नहीं करने वाला है।
आजम खान को AIMIM ज्वाइन करने का दिया ऑफर
उन्होंने सपा के पूर्व मंत्री आजम खान को AIMIM ज्वाइन करने का ऑफर देते हुए कहा कि आजम खान सीनियर लीडर हैं। अखिलेश यादव ने उनके साथ छल किया है। आजम खान काे नेता प्रतिपक्ष बनाया जाना चाहिए था, लेकिन अखिलेश शिवपाल को नेता प्रतिपक्ष बनाने की तैयारी में हैं। यह आजम के साथ अन्याय है।
फरहान के पक्ष में AIMIM चीफ ओवैसी ने की थी जनसभा।
सपा ने आजम खान को दरकिनार कर दिया, ताकि भाजपा उनकी बोटी-बोटी करे। उन्होंने कहा, यदि आजम खान हमारी पार्टी में आ जाते हैं तो हम उनको सिर पर बैठाकर रखेंगे और उनका सम्मान भी करेंगे।
मुसलमान सपा के बहकावे में नहीं आने वाला है
फरहान ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में जब मलाई खाना हो तो यादव और लाठी खाना हो तो मुस्लिम को आगे कर दिया जाता है। मुस्लिमों की हितैषी कही जाने वाली समाजवादी पार्टी यदि आजम खान को नेता प्रतिपक्ष बना दी होती तो लगता कि वह वाकई में मुस्लिमों की हितैषी है। लेकिन वह ऐसा नहीं करेगी। इसलिए अब मुसलमान सपा के बहकावे में नहीं आने वाला है। बता दें कि AIMIM के प्रत्याशी रहे मोहम्मद फरहान को 1530 वोट मिले हैं।









Leave a Reply