यूपी: ईडी ने जब्त की अतीक की 8.14 करोड़ की संपत्ति, झूंसी में 6.86 करोड़ की जमीन और 11 खातों में जमा 1.28 करोड़ शामिल
प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉड्रिंग के मामले में अतीक अहमद की भूमि संपत्तियों के साथ ही बैंकों जमा कुल मिलाकर आठ करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है।
प्रवर्तन निदेशालय के संयुक्त निदेशक राजेश्वर सिंह ने बताया कि अतीक के खिलाफ यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ने अतीक के खिलाफ हत्या, जबरन वसूली, धोखाधड़ी, जालसाजी, भूमि हथियाने और समान प्रकृति के अपराधों से संबंधित विभिन्न जिलों में दर्ज मुकदमों का संज्ञान लेते हुए पीएमएलए के तहत कार्रवाई शुरू की गई थी। जांच के दौरान पता चला कि अतीक ने आपराधिक गतिविधियों के जरिए काली कमाई इकट्ठा की है। काली कमाई के पैसों को अतीक ने अपने व अपने रिश्तेदारों के खातों में जमा कराया है। इसके अलावा उनके सहयोगियों द्वारा चलाई जा रही विभिन्न फर्मों और कंपनियों के खातों से भी लेन देन किया जा रहा है।
जांच में यह भी पता चला कि इन पैसों से अतीक ने अपनी पत्नी के नाम पर सरकारी मूल्य से काफी कम कीमत पर जमीन खरीदी गई। राजेश्वर ने बताया कि अतीक से जुड़ी कंपनियों की जानकारी के लिए कार्पोरेट कार्य मंत्रालय, आयकर विभाग व अन्य एजेंसियों से डाटा इकट्ठा किया गया, आरोपियों के बयान दर्ज किए गए और कंपनी में निवेश करने वालों से पूछताछ की गई। पूछताछ का सिलसिला अब भी जारी है। उन्होंने बताया कि अतीक से जुड़ी अन्य आय का भी स्रोत पता लगाया जा रहा है। अतीक मौजूदा समय में गुजरात के अहमदाबाद जेल में बंद है।











Leave a Reply