काशी में मुख्यमंत्री: हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे सीएम योगी, सर्किट हाउस में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंच गए और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। सीएम दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे, वहां से सीधे सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंच गए। वहां अधिकारियों के साथ बैठक में विकास कार्यो और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। इसके बाद वे नदेसर स्थित एक सभागार में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।शाम को वो कमच्छा स्थित शिक्षा संकाय के सभागार में प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। सीएम योगी इस दौरान जनप्रतिनिधियों से फीडबैक भी लेंगे। शनिवार को चौकाघाट, सिगरा और अन्य जगहों पर सड़क मरम्मत का काम कराया गया। उधर, भाजपा की ओर से प्रबुद्ध सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रबुद्ध सम्मेलन में काशी के प्रबुद्ध जन शामिल होंगे, कार्यक्रम में काशी से जुड़े शिक्षकों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे
यहां बता दें कि भाजपा उत्तर प्रदेश में पांच सितंबर से विधानसभा स्तर पर प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित करेगी। जिसकी शुरुआत प्रदेश में 17 महानगरों की विधान सभाओं से होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी कैंट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कमच्छा स्थित शिक्षा संकाय काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चाणक्य सभागार में शाम चार बजे प्रबुद्ध सम्मेलन का शुभारंभ करेंगे।












Leave a Reply