कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक को लगी गोली
जेठवारा इलाके में सोमवार शाम घर जा रहे प्रधानपुत्र की कार को घेरकर तीन बाइक से पहुंचे छह लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान प्रधानपुत्र के साथ कार में रहे युवक को गोली लग गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। उधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने दो हमलावरों को दबोच लिया। जमकर पिटाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायमकई की प्रधान अबादुल निशा का पुत्र अयाज अहमद सोमवार की शाम अपने दोस्त मो. जैद (28) के साथ कार से घर जा रहा था। गांव के समीप ईंट-भट्ठे के सामने पहुंचने पर तीन बाइक से आए छह बदमाशों ने प्रधानपुत्र को निशाना बनाते हुए कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में प्रधानपुत्र अयाज अहमद तो बाल-बाल बच गया, लेकिन उसके दोस्त फैज के सिर में गोली लग गई। आननफानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया।
उधर, फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने हमलावरों को दौड़ा लिया। दो हमलावरों को लोगों ने दबोच लिया। ग्रामीणों ने हमलावरों की जमकर धुनाई करते हुए उनके पास से बरामद दो बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस दोनों हमलवारों को जेठवारा थाने ले गई। गिरफ्त में आए दोनों हमलावर नगर कोतवाली के रहने वाले हैं।
दिनदहाड़े प्रधानपुत्र व उसके दोस्त पर हुई फायरिंग से ग्रामीणों में आक्रोश है। जेठवारा एसओ ने बताया कि दोनों पक्षों में मारपीट के बाद घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।











Leave a Reply