बदलेगी सारनाथ की तस्वीर: विश्व बैंक से 72 करोड़ रुपये अवमुक्त,अधिकारियों ने किया भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली का निरीक्षण
भगवान बुद्ध की उपदेश स्थली सारनाथ की पूरी तस्वीर बदलेगी। क्षेत्र के धार्मिक स्थलों को आकर्षक बनाने के साथ ही बिजली, पोल, साइन बोर्ड को चमकाया जाएगा। समग्र विकास की योजना को आकार देने की दिशा में काम शुरू हो गया है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधा व स्थलों के विकास के लिए विश्व बैंक ने 72 करोड़ अवमुक्त किए हैं।
प्रो-पूअर योजना के कार्यों के लिए डीपीआर तैयार हो रहा है। शुक्रवार को नगर निगम एवं पर्यटन विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों ने विकास को गति देने के लिए स्थलीय निरीक्षण किया। पर्यटन अधिकारी कीर्तिमान श्रीवास्तव ने बताया कि आकाशवाणी तिराहे से चौखंडी स्तूप, संग्रहालय से तिब्बती बौद्ध मंदिर होते हुए आकाशवाणी तिराहा तक के मार्गों का सुंदरीकरण होगा। बिजली, टेलीफोन सहित अन्य तार भूमिगत होंगे। वहीं पाइप लाइन बिछाकर उसे आशापुर के सीवर लाइन से जोड़ा जाएगा। साथ ही पुरातात्विक संग्रहालय से सारनाथ मुख्य चौराहे तक पर्यटकों के बैठने के लिए कुर्सी लगाए जाएंगे एवं पाथवे बनाया जाएगा। कूड़ा डंप स्थल की जगह वाहन पार्किंग बनेगा। क्षेत्र के 26 धार्मिक स्थलों के मार्ग का सुंदरीकरण कर मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा।












Leave a Reply