प्रयागराज सिविल लाइंस में ताशकंद मार्ग के पास सेक्स रैकेट की सूचना पर स्पा सेंटर में छापा, तीन युवतियों सहित चार हिरासत में
सिविल लाइंस में ताशकंद मार्ग के पास सेक्स रैकेट चलने की सूचना पर पुलिस ने स्पा सेंटर में छापा मारा। यहां तीन युवतियों के अलावा एक युवक पकड़ा गया। मौके से 30 हजार नगदी भी बरामद हुई। पुलिस तीनों युवतियों के साथ मैनेजर को भी हिरासत में लेकर थाने ले गई। जहां उनसे घंटों पूछताछ चलती रही। फिलहाल देर रात तक कोई लिखापढ़ी नहीं हुई थी।
सिविल लाइंस में जेके पैलेस होटल के पास एक स्पा सेंटर चलता है। स्पा की आड़ में सेक्स रैकेट चलने की सूचना पर शनिवार शाम सीओ सिविल लाइंस के नेतृत्व में पुलिस ने यहां छापा मारा। इस दौरान मध्य प्रदेश की दो समेत तीन युवतियां, बिहार निवासी एक युवक मिला। पूछताछ की गई तो मैनेजर ने युवतियों को कर्मचारी और युवक को ग्राहक बताया, लेकिन वह स्पा सेंटर से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा पाया। जिसके बाद चारों को थाने ले जाया गया।मौके से भारी मात्रा में नगदी भी मिली। इस दौरान 500 के 54 नोट, 200 के 14 और 50 के पांच नोट यानी कुल 30 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ के दौरान पुलिस ने फोन पर मालिक से संपर्क किया तो पता चला कि वह लखनऊ में है। हालांकि देर रात तक स्पा का लाइसेंस पुलिस के सामने पेश नहीं किया गया था। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि युवतियों को वन स्टॉप सेंटर भेजवा दिया गया है। मैनेजर समेत दो लोगों से पूछताछ की जा रही है।
तो क्या गलत सूचना पर मारा छापा?
पुलिस की ओर से भले ही स्पा सेंटर में छापेमारी कर वहां मौजूद लोगों को हिरासत में ले लिया गया, लेकिन कार्रवाई को लेकर पशोपेश की स्थिति रही। दरअसल स्पा सेंटर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। बरामद नगदी के बारे में मैनेजर का कहना है कि वह ग्राहकों की ओर से दिए गए पैसे हैं। युवतियों को कर्मचारी बताया गया और उनकी ओर से भी किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज कराई गई। ऐसे में यह भी सवाल उठा कि क्या पुलिस ने गलत सूचना पर छापेमारी की?











Leave a Reply