Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बोले : विश्वविद्यालयों में कुलपति सीधे कर्मचारी की करेंगे भर्ती

उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा बोले : विश्वविद्यालयों में कुलपति सीधे कर्मचारी की करेंगे भर्ती
राज्य विश्वविद्यालयों में कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए भी उच्च शिक्षा विभाग ने हरी झंडी दे दी है। विश्वविद्यालयों में कर्मचारियों की भर्ती किसी भर्ती संस्था के माध्यम से नहीं होगी, बल्कि सीधे कुलपति कर्मचारियों की भर्ती कर सकते हैं। यह बात यूपी के डिप्टी सीएम एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने शुक्रवार को प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में कही।
विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल हुए डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में पहले चरण के तहत कुछ विषयों में शिक्षकों की भर्ती पूरी की चुकी है। बाकी रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उन्होंने अपनी मंजूरी दे दी है और भरोसा दिलाया कि जल्द ही शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती होगी। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालयों में सीधे कुलपति कर्मचारियों की भर्ती भी करेंगे। इसके लिए जल्द ही शासनादेश जारी हो रही है। उसके बाद विश्वविद्यालय कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगे।उन्होंने बताया कि नए शिक्षा सेवा आयोग का गठन शीघ्र होने जा रहा है। इसके तहत बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा में भर्तियां शिक्षा सेवा आयोग के माध्यम से होंगी, लेकिन नए आयोग का गठन होने तक संबंधित भर्ती संस्थाएं पूर्व की भांति अपना काम करेगी। डॉ. शर्मा ने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम संशोधित हो रहे हैं। सभी विश्वविद्यालयों में 70 फीसदी पाठ्यक्रम एक समान होगा और 30 फीसदी पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय अपने हिसाब से तय करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *