Jan Media TV

Inform Engage Inspire

Advertisement

सीएम योगी के कंधे पर पीएम मोदी का हाथ,यूपी चुनाव से पहले दिखा अलग अंदाज

सीएम योगी के कंधे पर पीएम मोदी का हाथ,यूपी चुनाव से पहले दिखा अलग अंदाज

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लखनऊ में पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच गजब बॉन्डिंग की झलक देखने को मिली। लखनऊ दौरे पर आए पीएम मोदी ने काफी देर तक सीएम योगी के साथ बातचीत की और इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के कंधे पर अपने हाथ रखे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को पीएम के साथ अपनी फोटो ट्वीट एक कविता के साथ ट्वीट की। देखते ही देखते यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
हर कोई इन फोटो  के अपने मायने निकाल रहा है। दरअसल, सीएम ने दो फोटो ट्वीट की है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कंधे पर हाथ रखकर टहलते नजर आ रहे हैं। सीएम ने इन फोटो के साथ लिखा है -हम निकल पड़े हैं प्रण करके, अपना तन-मन अर्पण करके। जिद है एक सूर्य उगाना है,
अम्बर से ऊँचा जाना है, एक भारत नया बनाना है।।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार रात से लखनऊ में हैं। प्रधानमंत्री ने शनिवार को प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आयोजित पुलिस महानिदेशकों व महानिरीक्षकों की 56वीं ऑल इंडिया कांफ्रेंस के विभिन्न सत्रों में आतंकवाद, वामपंथी उग्रवाद, तटीय सुरक्षा, नारकोटिक्स, साइबर क्राइम तथा सीमा प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन मंत्रणा की। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी सभी सत्रों में मौजूद रहे।
कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन जाकर प्रधानमंत्री से शिष्टाचार भेंट की थी। कांफ्रेंस के दूसरे दिन कुछ विषयों पर प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुतीकरण भी दिया गया। कॉन्फ्रेंस का समापन आज होना है। कॉन्फ्रेंस में निर्धारित सभी सत्रों का आयोजन पुलिस मुख्यालय के नौवें तल पर किया गया। इसी तल पर डीजीपी का कार्यालय भी है। इस बार चर्चा के लिए समसामयिक सुरक्षा मुद्दों पर राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 200 से अधिक वरिष्ठ अधिकारियों के विचार आमंत्रित किए गए थे। सभी के विचारों को समाहित करते हुए सत्रों में चर्चा के विषय तय किए गए। 
वर्चुअली जुड़े 350 सीनियर  अफसर

खुफिया ब्यूरो द्वारा हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों तथा सुरक्षा एजेंसियों व अर्द्धसैनिक बलों के प्रमुखों ने स्वयं प्रतिभाग किया, जबकि शेष आमंत्रित लोगों ने देश भर के 37 विभिन्न स्थानों से वर्चुअली हिस्सा लिया। वर्चुअली शामिल होने वाले वरिष्ठ पुलिस अफसरों की संख्या 350 के करीब रही। गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तीन दिनों तक एक ही परिसर में आयोजन किए जाने से सबसे बड़ा लाभ यह हो रहा है कि सभी संवर्गों और संगठनों के अधिकारियों के बीच एकता की भावना का निर्माण हो रहा है। कॉन्फ्रेंस में विस्तृत चर्चा के बाद की जाने वाली सिफारिशों पर केंद्र सरकार गंभीरता से विचार करती है। 

सिग्नेचर बिल्डिंग की प्रशंसा करते दिखे अफसर 

कांफ्रेंस में शामिल होने आए दूसरे राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अफसर पुलिस मुख्यालय भवन की प्रशंसा करते दिखे। सिग्नेचर बिल्डिंग के तौर पर जानी जाने वाली इस बिल्डिंग के बारे में बताया गया कि यह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है। इसमें सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसमें प्रवेश करने वालों की तीन स्तरों पर जांच की जाती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *