मुंबई के पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह को पद से हटा दिया गया है। अब परमबीर सिंह की जगह हेमंत नागरले मुंबई के पुलिस कमिश्नर बन गए हैं। इसके अलावा रजनीश सेठ महाराष्ट्र के DGP बनाए गए हैं। वझे केस से जुड़े विवाद के बाद परमबीर सिंह का ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें होमगार्ड मंत्रालय में तैनात किया गया है। महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने इस बात की जानकारी दी है।
सचिन वझे को एंटीलिया के विस्फोटक कार कांड में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद ही परमबीर सिंह पर कार्रवाई की गई है। वझे विभाग में परमबीर सिंह को ही रिपोर्ट करते थे। इसके अलावा परमबीर सिंह की अध्यक्षता वाली रिव्यू कमिटी ने ही विवादास्पद अधिकारी सचिन वझे को 16 साल बाद अदालत के आदेश के खिलाफ जाकर बहाल किया था।
मुंबई के नए पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले ने पदभार संभालने के बाद मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि “पिछले कुछ दिनों में जो कुछ हुआ है, उससे मुंबई पुलिस की छवि खराब हुई है। हम इसे फिर बहाल करेंगे। इस समय मुंबई पुलिस मुश्किल दौर से गुजर रही है। हम इसका समाधान निकालेंगे। कुछ ऐसे केस हुए हैं, जिससे पुलिस के विश्वास पर सवाल खड़े हुए हैं। अभी उनकी जांच पर बात करना सही नहीं होगा। सभी जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।”
परवबीर 1988 बैंच के IPS अफसर हैं। माना जाता है कि उन्हें अंडरवर्ल्ड की गहरी समझ है। वे इससे पहले ठाणे के पुलिस कमिश्नर और ACB महानिदेशक भी रह चुके हैं। मुंबई कमिश्नर पद पर रहते परमबीर सिंह ने बताया था कि पैसे देकर TMC बढ़ाते हैं। इसमें उन्होंने तीन चैनलों के शामिल होने की बात कही थी।